कांग्रेस ने मंडल आयोग का विरोध किया, अब जाति की नकारात्मक राजनीति कर रही है: सिंधिया
कांग्रेस ने मंडल आयोग का विरोध किया, अब जाति की नकारात्मक राजनीति कर रही है: सिंधिया
ग्वालियर, तीन अगस्त (भाषा) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस ने मंडल आयोग का विरोध किया था और अब समाज में दरार पैदा करने के लिए वह जाति की नकारात्मक राजनीति कर रही है।
केंद्रीय संचार और नागरिक उड्डयन मंत्री ने यह भी कहा कि देश में हो रहे तीव्र विकास पर गर्व करने के बजाय कांग्रेस ईर्ष्या महसूस कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस देश को नकारात्मकता की ओर ले जाने की कोशिश कर रही है। वह भाई-भाई के बीच झगड़ा बढ़ा रही है। कांग्रेस ने हमेशा हर आयोग का विरोध किया, उसने मंडल आयोग का विरोध किया, आज वह जाति की बात कर रही है। वह जाति की नकारात्मक राजनीति कर रही है।’
कांग्रेस के खत्म होने की ओर इशारा करते हुए, सिंधिया ने कहा कि पार्टी हाल के लोकसभा चुनाव में 13 राज्यों में अपना खाता भी नहीं खोल पाई।
सिंधिया ने पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के आगरा और ग्वालियर के बीच 88 किलोमीटर लंबे ‘हाई स्पीड रोड कॉरिडोर’ को केंद्र से मंजूरी मिलने पर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की भी सराहना की।
इस परियोजना की अनुमानित लागत 4.613 करोड़ रुपये है और यह डेढ़ साल में पूरी होगी।
भाषा सं दिमो राजकुमार

Facebook


