कोंडागांव, आठ जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के फरसगांव पुलिस अनुविभाग के उरंदाबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित सीएएफ के शिविर में आरक्षक जोगेंद्र नेताम ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
कोंडागांव जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने बताया कि जवान जोगेंद्र नेताम आज ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान उसने अपनी सर्विस इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली।
चंद्रा ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनते ही शिविर में अफरा-तफरी मच गई और अन्य जवान मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई तथा घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुरंदेश्वर थाना प्रभारी को घटना की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला निजी कारणों से तनाव में आकर आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं की जांच करेगी।
उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
भाषा
सं, संजीव रवि कांत