छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी

Ads

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 08:08 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 08:08 PM IST

रायपुर, 10 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार की ओर से दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है।

साय ने पत्र में कहा, “प्रधानमंत्री के दूरदर्शी, निर्णायक और जनकल्याणकारी नेतृत्व में शुरू की गईं योजनाओं ने छत्तीसगढ़ के विकास को नयी गति दी है और प्रदेश के सबसे कमजोर वर्ग के लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

साय ने पत्र में उल्लेख किया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता देने की केंद्र सरकार की नीति के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ को विशेष केंद्रीय सहायता योजना के तहत 2,080.29 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 2,377 करोड़ रुपये की लागत से 3,222 किलोमीटर लंबी 391 सड़कों तथा 88 वृहद पुलों की स्वीकृति दी है, जिससे विकास और सुरक्षा दोनों लाभ मिले हैं।

मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा है कि छत्तीसगढ़ के साढ़े तीन करोड़ लोगों की ओर से वह प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं और विश्वास जताते हैं कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में केंद्र सरकार का मार्गदर्शन व सहयोग भविष्य में भी इसी प्रकार प्राप्त होता रहेगा।

भाषा संजीव जोहेब

जोहेब