छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर दी बधाई

Ads

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर दी बधाई

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 02:36 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 02:36 PM IST

रायपुर, 26 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासनकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी है तथा कहा है कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास, सुरक्षा और विकास के नए युग की ओर अग्रसर है।

साय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा है, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘प्रधान सेवक’ के रूप में राष्ट्रसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित सफल 12 वर्ष पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में आज भारत आत्मविश्वास, सुरक्षा और विकास के नए युग की ओर अग्रसर है।”

मुख्यमंत्री लिखा है, ”छत्तीसगढ़ के संदर्भ में यह यात्रा विशेष रूप से प्रेरणादायी रही है। दशकों तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में आज विकास, विश्वास और जनकल्याण की नई धारा प्रवाहित हो रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, मोबाइल कनेक्टिविटी, बैंकिंग सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच दूरस्थ जनजातीय अंचलों सहित पूरे प्रदेश में सुनिश्चित हुई है। अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए विकास को जन-जन तक पहुंचाने का यह अभियान आज नए भारत की पहचान बन चुका है।”

उन्होंने लिखा है, ”सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ 2047 तक विकसित भारत बनने के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। ”

भाषा संजीव मनीषा रंजन

रंजन