पटना, दस जुलाई (भाषा) बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर चुके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार ‘बंटी’ द्वारा शुक्रवार को अपना नामांकन वापस लेने के बाद पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने नीरज कुमार सिन्हा को नया आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है।
इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया।
उल्लेखनीय है कि अभिषेक कुमार ‘बंटी’ ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया।
यह सीट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई है।
इस विधानसभा सीट के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है।
भाषा
कैलाश रवि कांत