छत्तीसगढ़ : आईएसआई के साथ संपर्क के आरोप में पंजाब का एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

छत्तीसगढ़ : आईएसआई के साथ संपर्क के आरोप में पंजाब का एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 12:47 AM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 12:47 AM IST

जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़), 21 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पंजाब के 23 वर्षीय एक व्यक्ति को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के गुर्गों के साथ संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने बताया कि आरोपी की पहचान पंजाब के तरनतारन जिले के सेवक सिंह के रूप में हुई है, जिसे अकलतारा शहर में पुलिस द्वारा चलाए गए किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि सिंह मिनीमाता चौक के पास किराए के मकान में रह रहा था और इलाके में रहने वाले किरायेदारों के सत्यापन के दौरान वह संदेह के घेरे में आ गया। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह छत्तीसगढ़ के इस शहर में क्या कर रहा था।

उन्होंने बताया कि अकलतारा पुलिस थाने में सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने दावा किया कि सिंह के मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल सामग्री मिली, जिनसे पता चलता है कि उसने ऐसे लोगों से बातचीत की थी जिनके आईएसआई नेटवर्क से जुड़े होने का शक है।

भाषा शफीक अविनाश

अविनाश