बीजापुर, 22 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के अलग-अलग ठिकानों से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बेदरे थाना क्षेत्र के लंका पहाड़ी जंगल में तलाशी और बारूदी सुरंग रोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की।
उन्होंने बताया कि बरामद सामान में एक सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर), एक इंसास राइफल, .315 बोर की एक बंदूक, दो बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल), 17 बीजीएल शेल, एक हथगोला, एसएलआर के 49 कारतूस, .315 बोर राइफल के 15 कारतूस, चार एसएलआर मैगजीन और एक .315 बोर मैगजीन शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि ठिकाने से अन्य सामान और उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बरामद हथियारों और अन्य सामग्री को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि सितंबर में बीजापुर में चलाए गए अलग-अलग अभियानों के दौरान सुरक्षाबलों ने माओवादियों के कई पुराने ठिकानों का पता लगाया। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के जंगल से एक एके-47 राइफल, .315 बोर का एक हथियार, एक सिंगल शॉट बंदूक, एक पिस्तौल, कारतूस और मैगजीन बरामद की गयी।
वहीं, 16 सितंबर को फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के जंगल से एक .315 बोर राइफल, 49 कारतूस, .303 के 25 कारतूस, 12 बोर के 49 कारतूस, आठ किलोग्राम जिलेटिन, एक वॉकी-टॉकी और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, 31 मार्च को छत्तीसगढ़ को हथियारबंद माओवादियों की मौजूदगी से मुक्त घोषित किए जाने के बाद सुरक्षाबलों ने बस्तर क्षेत्र (जिसमें बीजापुर समेत सात जिले शामिल हैं) में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य माओवादियों द्वारा पहले छिपाए गए नकदी, हथियार और विस्फोटक सामग्री का पता लगाना है।
भाषा संजीव जितेंद्र
जितेंद्र