नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) डिजिटल भुगतान मंच फोनपे को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के केंद्रीय बैंक से दो प्रमुख परिचालन लाइसेंस के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। यह कंपनी के पहले अंतरराष्ट्रीय विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
फोनपे ने मंगलवार को बयान में कहा कि यह सैद्धांतिक मंजूरी खुदरा भुगतान सेवाओं एवं कार्ड योजनाओं (आरपीएससीएस) तथा ‘स्टोर्ड वैल्यू फैसिलिटीज’ (एसवीएफ) के लिए मिली है।
कंपनी यूएई में वाणिज्यिक परिचालन शुरू करने से पहले अब अंतिम नियामकीय मंजूरी हासिल करने की दिशा में काम करेगी।
फोनपे ने कहा कि अंतिम मंजूरी मिलने के बाद वह क्षेत्रीय बैंकों, लाइसेंस प्राप्त भुगतान सेवा प्रदाताओं और स्थानीय प्रौद्योगिकी कंपनियों के साथ साझेदारी करेगी।
कंपनी यूएई के घरेलू भुगतान नेटवर्क ‘आनी’ और ‘जयवान’ को अपने पूर्ण तकनीकी मंच के जरिये सहयोग देने की संभावनाएं भी तलाशेगी।
फोनपे के अंतरराष्ट्रीय भुगतान कारोबार के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं कार्यकारी निदेशक रितेश पई ने कहा, ‘‘ यूएई का नियामकीय माहौल इसे हमारी अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए उपयुक्त बनाता है। यूएई आपस में जुड़े डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है और फोनपे इसके विकासशील परिवेश तंत्र का दीर्घकालिक साझेदार बनने के लिए प्रतिबद्ध है।’’
उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय तकनीक और स्थानीय साझेदारियों के मेल से फोनपे यूएई, भारत और वैश्विक बाजारों के बीच मजबूत आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों को सहयोग देना चाहती है तथा यूएई में रोजमर्रा के भुगतान अनुभव को बेहतर बनाने का प्रयास करेगी।
भाषा यासिर अजय
अजय