छत्तीसगढ़ : राजनांदगांव में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत

Ads

छत्तीसगढ़ : राजनांदगांव में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 01:41 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 01:41 PM IST

राजनांदगांव, 16 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से दो सगे भाई-बहन समेत तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम डोंगरगढ़ विकासखंड के बोरतलाव क्षेत्र के गांधीनगर गांव में हुई।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चार वर्षीय एक बच्चा और आठ-आठ वर्ष के दो सगे भाई खेलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की और कई घंटे की खोजबीन के बाद रात में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे से तीनों के शव बरामद किए।

अधिकारी ने बताया कि यह गड्ढा कुछ महीने पहले किसी काम के लिए मिट्टी खोदे जाने के कारण बना था। हाल में हुई बारिश के बाद इसमें पानी भर गया था।

अधिकारी ने बताया कि तीनों शव देर रात बरामद किए गए और पोस्टमार्टम के लिए डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिए गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि खुदाई के बाद गहरे गड्ढे को बिना सुरक्षा इंतजाम के छोड़ दिया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अधिकारी ने बताया कि विस्तृत जांच के बाद ही घटना के सही कारण का पता चल सकेगा।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा