रायपुर, पांच सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों की सीमा से सटे जंगल में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों के संयुक्त दलों को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। दल में नारायणपुर और दंतेवाड़ा से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवान शामिल थे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आज सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर लगातार मुठभेड़ जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक की कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक महिला माओवादी का शव, .303 राइफल, दो बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) और दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों का अभियान अभी भी जारी है, इसलिए अभियान में शामिल जवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती।
इस कार्रवाई के साथ इस वर्ष अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में 230 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 209 बस्तर संभाग में मारे गए, जिसमें बीजापुर, बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले शामिल हैं।
भाषा
संजीव, रवि कांत
रवि कांत