छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन

Ads

छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 07:59 PM IST

बिलासपुर 26 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ स्वयंसेवक रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम के दौरान निधन हो गया। वह 68 साल के थे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने बताया कि सिन्हा भाजपा की बिलासपुर जिला इकाई की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत आयोजित दो दिवसीय जिला-स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिलासपुर पहुंचे थे।

भाजपा की बिलासपुर जिला इकाई के अध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जिले में 25 और 26 मई को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

कार्यक्रम के लिए छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष और प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी रूपनारायण सिन्हा 24 मई को ही बिलासपुर पहुंच गए थे।

सिन्हा पहले दिन शहर के झूलेलाल मंगलम भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी छह सत्रों में मौजूद रहे। मंगलवार को दूसरे दिन के सत्र की शुरुआत में उन्होंने सुबह 6:30 से योग शिविर और आरएसएस की शाखा का भी सफल संचालन किया।

सिंह ने बताया कि 25 मई को प्रशिक्षण वर्ग के छह सत्रों के बाद आज भी छह सत्र होने थे और सिन्हा ‘विचार परिवार’ सत्र को संबोधित करने वाले थे।

उन्होंने बताया कि दोपहर करीब एक बजे प्रशिक्षण के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल जब सत्र को संबोधित कर रहे थे, तब सिन्हा की अचानक तबीयत बिगड़ गई तथा वे अपने कक्ष में चले गए। इस दौरान उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की।

सिंह ने बताया कि इसके बाद वहां मौजूद चिकित्सकों ने उनका प्रारंभिक परीक्षण किया और उन्हें तत्काल शहर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के लिए रवाना कर दिया।

सिंह के मुताबिक, दोपहर दो बजे चिकित्सकों के दल ने उनका परीक्षण किया और लगभग तीन बजे उनके निधन की आधिकारिक घोषणा कर दी गई।

चिकित्सकों के अनुसार, सिन्हा का निधन हृदयाघात के कारण हुआ।

सिंह ने बताया कि सिन्हा के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ रायपुर स्थित उनके शासकीय आवास ले जाया जा रहा है।

भाषा

सं संजीव पारुल

पारुल