Reported By: Devendra Mishra
,Dhamtari Murder News/Image Credit: IBC24.in
Dhamtari Murder News: धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अपराध का ग्राफ एक बार फिर चिंता बढ़ाने लगा है। महज चार दिनों के भीतर दूसरी सनसनीखेज हत्या ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इस बार वारदात कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में हुई, जहां दोस्ती के नाम पर साथ बैठकर शराब पी रहे युवकों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि एक युवक की जान चली गई। आरोप है कि आठ दोस्तों ने मिलकर अपने ही साथी को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या का तरीका इतना खौफनाक था कि जिसने भी सुना, उसकी रूह कांप उठी।
ग्राम डाही का रहने वाला हुलास मंडावी शनिवार रात अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। माहौल सामान्य था, लेकिन शराब के नशे में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि, साथ बैठकर जाम छलकाने वाले दोस्त ही हुलास के दुश्मन बन बैठे। पुलिस के अनुसार विवाद के बाद आरोपियों ने हुलास पर हमला कर दिया। पहले मारपीट की गई और फिर पत्थरों तथा लकड़ी की बल्लियों से ताबड़तोड़ वार किए गए। हुलास खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। (Dhamtari Murder News) ग्रामीणों के मुताबिक घटनास्थल पर चीख-पुकार मची रही, लेकिन जब तक कोई मदद पहुंचती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
Dhamtari Murder News: हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं गंभीर रूप से घायल हुलास मंडावी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हत्या की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। रात के अंधेरे में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और कुछ ही घंटों के भीतर सभी आठ आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। पुलिस अब हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद की जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
हालांकि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन यह घटना कई सवाल भी छोड़ गई है आखिर ऐसा क्या हुआ कि दोस्ती खून-खराबे में बदल गई। आखिर क्यों मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली और सबसे बड़ा सवाल यह कि धमतरी जिले में लगातार सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं पर आखिर कब लगाम लगेगी। चार दिनों के भीतर दूसरी हत्या ने जिले में कानून व्यवस्था और सामाजिक माहौल को लेकर नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ जारी है, लेकिन हुलास मंडावी की मौत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि नशे और हिंसा का खतरनाक मेल किस तरह एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ सकता है।
इन्हें भी पढ़ें:-