बलरामपुर (उप्र), 21 मई (भाषा) बलरामपुर जिले में जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय के परिसर में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में पढ़ने वाली आठ छात्रायें बृहस्पतिवार को अचानक बीमार पड़ गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आठ छात्राओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि जिला प्रशासन ने बढ़ती गर्मी और उमस को देखते हुए सभी कस्तूरबा स्कूलों में छुट्टी का आदेश दिया।
जिला मेमोरियल अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सक डॉ. ऋषि श्रीवास्तव ने कहा कि आठ लड़कियों को एम्बुलेंस में अस्पताल लाया गया था। इनमें से तीन बेहोश थीं, जबकि बाकी पांच भी अस्वस्थ थीं और उनका इलाज जारी है।
उन्होंने कहा कि छात्राओं को बेहोशी, उल्टी और सिरदर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि सभी की हालत स्थिर है।
जिलाधिकारी विपिन जैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद बाकी छात्राओं की जांच के लिए डॉक्टरों की एक टीम कस्तूरबा स्कूल भेजी गई।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए जिले के सभी कस्तूरबा विद्यालयों में छुट्टी घोषित करने का निर्देश दिया गया है।
भाषा सं जफर मनीषा शफीक
शफीक