छत्तीसगढ़ के बीजापुर में एक बंकर से विस्फोटक, हथियार बरामद
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में एक बंकर से विस्फोटक, हथियार बरामद
बीजापुर, 11 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बंकर से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गंगालूर थाना क्षेत्र के डोडीतुमनार गांव के जंगल में नक्सलियों की ओर से भारी मात्रा में छुपाए गए विस्फोटक और हथियार बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पीडिया पुलिस सहायता केंद्र और गंगालूर थाने के संयुक्त दल ने खोजी अभियान शुरू किया।
अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को जंगल में जमीन के नीचे गुप्त रूप से बनाया गया एक बंकर मिला, जिसमें से बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामान बरामद हुआ।
उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने बंकर से होंडा कंपनी के दो जनरेटर, दो लेथ मशीन, एक इंवर्टर, पांच बैटरी, आठ सौर प्लेट, एक मोटर, एक वेल्डिंग मशीन, एक ड्रिलिंग मशीन, एक देसी बीजीएल लॉन्चर, 29 बीजीएल गोले, 50 मीटर कॉर्डेक्स तार (आईईडी को सक्रिय करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला तार) और अन्य सामान बरामद किया।
छत्तीसगढ़ में 31 मार्च को नक्सलवाद की समाप्ति की घोषणा के बाद सुरक्षाबलों को लगातार नक्सलियों के बंकर और हथियार भंडार मिल रहे हैं, जिन्हें नष्ट किया जा रहा है।
दो मई को कांकेर में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए बारूद के एक ढेर को नष्ट करने की कोशिश के दौरान धमाका हो गया, जिसमें जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक निरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।
भाषा
सं संजीव पारुल
पारुल

Facebook


