कांकेर (छत्तीसगढ़), 16 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 17 साल की लड़की से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र में हुई।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग़ लड़की अपने एक परिचित के साथ बाहर गई थी। आरोप है कि वह उसे अपने तीन दोस्तों के साथ कोरर पुलिस थाना इलाके के घोरदा गांव ले गया और चारों ने उससे दुष्कर्म किया।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात लड़की के घर न लौटने पर उसके परिवार ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गयी।
उन्होंने बताया कि बाद में नाबालिग लड़की कोरर इलाके में लावारिस हालत में मिली।
पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों की पहचान राहुल मांडवी (20), संतोष मांडवी (24), भूपेश कुमार और मनीष सेवता (28) के तौर पर हुई है, जो सभी घोरदा गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि कोतवाली पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
भाषा संजीव गोला
गोला