मनेंद्रगढ़। CM Kanya Vivah Yojana: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। आरोप है कि नवविवाहित दुल्हनों को विवाह के दौरान नकली मंगलसूत्र पहनाए गए। मामले का खुलासा तब हुआ जब कुछ नवविवाहिताओं ने मंगलसूत्र की जांच कराई, जिसमें उनके नकली होने की बात सामने आई।
CM Kanya Vivah Yojana: जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को खड़गवां स्थित महामाया मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में 179 जोड़े विवाह बंधन में बंधे थे। योजना के तहत दुल्हनों को उपहार स्वरूप मंगलसूत्र भी प्रदान किए गए थे। विवाह के कुछ समय बाद कई नवविवाहिताओं को मंगलसूत्र की गुणवत्ता पर संदेह हुआ। जांच कराने पर मंगलसूत्र नकली पाए गए। इसके बाद प्रभावित महिलाओं ने प्रशासन से नया मंगलसूत्र खरीदने के लिए राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।
मामले के सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। कलेक्टर ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि मंगलसूत्र की खरीद किस प्रक्रिया के तहत की गई और गुणवत्ता जांच में किस स्तर पर लापरवाही हुई। इधर, कांग्रेस ने मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्टी नेताओं ने कहा है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जैसी सामाजिक योजना में इस तरह की अनियमितता गरीब परिवारों की भावनाओं से खिलवाड़ है। उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।