Reported By: Rajkumar Sahu
,Janjgir-Champa Today Death News || Image- IBC24 News File
जांजगीर-चाम्पा: बलौदा क्षेत्र के छाता जंगल में जंगली सुअर मारने के लिए बिछाए गए बिजली करंट की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक का नाम अनिल लहरे है, जो खिसोरा गांव का निवासी था। मामले में बलौदा पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है। (Janjgir-Champa Today Death News) आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने विशेष टीम का गठन किया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि छाता जंगल में किन लोगों ने करंट बिछाया था।
दरअसल, खिसोरा गांव का अनिल लहरे छाता जंगल गया था। बाद में उसकी लाश जंगल में मिली। वह बिजली करंट की चपेट में आ गया था। जंगली सुअर का शिकार करने के लिए करंट बिछाया गया था और उसी की चपेट में आकर अनिल लहरे की मौत हो गई। सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस मुखबिरों के माध्यम से जंगल में करंट लगाने वालों की जानकारी जुटा रही है।
वहीं, एक अन्य घटना में जांजगीर-चाम्पा जिले के मुलमुला क्षेत्र के सिल्ली गांव में शौचालय के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर एक महिला की डूबने से मौत हो गई। (Janjgir-Champa Today Death News) महिला के शव का पोस्टमार्टम पामगढ़ सीएचसी में कराया गया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिल्ली गांव निवासी राजेश्वर कश्यप अपने घर के पास शौचालय का निर्माण करा रहा था, जिसके लिए गड्ढा खोदा गया था। घटना के समय उसकी पत्नी पार्वती वहां गई हुई थी। उस वक्त पति घर पर मौजूद नहीं था। पुलिस को दिए बयान में पति ने बताया कि उसकी पत्नी को मिर्गी की बीमारी थी। आशंका जताई जा रही है कि मिर्गी का दौरा पड़ने से उसका संतुलन बिगड़ा और वह गड्ढे में गिर गई, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।