korea news/ image source: ibc24
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा घोषित 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में कोरिया जिले के विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। जिले में कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के नेतृत्व में संचालित मिशन 100 अभियान का सकारात्मक प्रभाव इस वर्ष के परिणामों में स्पष्ट रूप से देखने को मिला । इस वर्ष कक्षा दसवीं में जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य में पांचवां स्थान प्राप्त किया। इसी तरह बारहवीं में 95.64 प्रतिशत परिणाम के साथ जिले ने राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया। हाईस्कूल परीक्षा में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय महलपारा की छात्रा अंशिका कश्यप ने 98.1 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य मेरिट सूची में छठवां स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुंठपुर की छात्रा आलिया परवीन ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में सातवां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया । इन बच्चों ने कहा कि मोबाइल से दूर रहकर ही उत्कृष्ट परिणाम हासिल किया जा सकता है। राज्य की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 1.50 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने इस उपलब्धि पर टॉपर छात्राओं के घर जाकर सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है तथा शिक्षकों एवं अभिभावकों के योगदान की सराहना की है। विद्यालय परिवार ने भी अंशिका और आलिया को अपनी ओर से बधाई दी । IBC24 संवाददाता सतीश गुप्ता ने हाईस्कूल परिक्षा में टॉप टेन में जगह बनाने वाली अंशिका कश्यप उसकी माँ और स्कूल के शिक्षकों से बात की ।
CGBSE 10th-12th Result 2026 Link ऐसे चेक कर सकेंगे (cg board class 10th result 2026 kaise dekhe)