स्मृति ईरानी का लंबा अनुभव संगठन को और मजबूत करेगा : मुख्यमंत्री साय

Ads

स्मृति ईरानी का लंबा अनुभव संगठन को और मजबूत करेगा : मुख्यमंत्री साय

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 07:16 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 07:16 PM IST

रायपुर, 23 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी को राज्य के लिए पार्टी की प्रभारी नियुक्त किए जाने पर बधाई दी।

साय ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर ईरानी का लंबा अनुभव और संगठन के प्रति उनका समर्पण भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों व लोगों की सेवा करने के संकल्प को और मजबूत करेगा।

उन्होंने सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ के लिए पार्टी का सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर भी बधाई दी।

साय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर मैं उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। स्मृति ईरानी का दीर्घकालिक राष्ट्रीय अनुभव, राष्ट्रसेवा एवं संगठन के प्रति समर्पण निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में हमारे संगठन और जनसेवा के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाएगा।’’

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने भी ईरानी को पार्टी की राज्य प्रभारी और शंभू को सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर बधाई दी।

देव ने एक बयान में कहा, ‘‘स्मृति ईरानी एक प्रखर वक्ता, कुशल संगठनकर्ता और अत्यन्त अनुभवी नेत्री हैं। उनके संगठनात्मक कौशल, दीर्घ प्रशासनिक अनुभव एवं ऊर्जावान मार्गदर्शन का लाभ छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को मिलेगा। उनके नेतृत्व में प्रदेश में पार्टी का जनाधार और अधिक व्यापक होगा तथा संगठन नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।’’

भाषा संजीव शफीक

शफीक