बीजापुर, 29 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार को दो अलग-अलग जगहों पर माओवादियों द्वारा पूर्व में लगाए गए परिष्कृत विस्फोटक उपकरण (आईईडी) के फटने से दो लड़के घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इसने बताया कि दोनों घटनाएं उसूर पुलिस थाना क्षेत्र में हुईं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी सुकमा जिले के चिंतागुफा क्षेत्र के कारीगुंडम गांव के कुछ युवक और बच्चे नीलम सराई झरना देखने पहुंचे थे।
अधिकारी ने बताया कि झरने तक पहुंचने से लगभग 1.5 किलोमीटर पहले, 13 साल के सोढ़ी देवा का पैर गलती से एक आईईडी पर पड़ गया, जिससे वह घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि देवा को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए उसूर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लड़के की हालत स्थिर बताई जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि एक अन्य घटना में, नाम्बी गांव के दो लोग मवेशी चराने के लिए नाम्बी झरने वाले इलाके की ओर गए थे, तभी उनमें से 15 वर्षीय विनोद कट्टम का पैर गलती से जंगल में छिपे एक आईईडी पर पड़ गया, जिससे वह घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश के कारण घटनास्थल तक जाने वाले रास्ते की आवाजाही प्रभावित हुई है और बचाव कार्यों में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि घायल लड़के को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सुरक्षाकर्मी बचाव अभियान चला रहे हैं।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल