जबलपुर: ब्लैक फंगस के मरीजों को लगाए गए नए Amphotericin B इंजेक्शन का गंभीर रिएक्शन सामने आया है। जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती ब्लैक फंगस के मरीजों को आज जब Amphotericin B के नए इंजेक्शन लगाए गए, तो वो ठण्ड से थर-थर कांपने लगे।
मिली जानकारी के अनुसार मेडिकल हॉस्पिटल के वार्ड नंबर 5 में भर्ती करीब 40 मरीजों को Amphotericin B का नया इंजेक्शन लगाया गया था, जिसके बाद ही उन्हें तेज ठण्ड लगी और कई मरीजों को बुखार भी आ गया। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मरीजों को लगाए गए Amphotericin B के ये वही इंजेक्शन हैं, जिन्हें हाल ही में प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश की एक कंपनी एफी फार्मा से सस्ते दाम पर खरीदा था। 5 से 7 हजार रुपए कीमत के Amphotericin B इंजेक्शन को हाल ही में हिमाचल के बद्दी की एफी फार्मा कंपनी ने सिर्फ 300 रुपए कीमत में मध्यप्रदेश भेजा था।
ये इंजेक्शन जबलपुर के अलावा इंदौर और सागर मेडिकल कॉलेज भी भेजे गए थे, सभी जगहों पर इस इंजेक्शन को लगाए जाने के बाद ब्लैक फंगस के मरीजों को तेज ठण्ड के बाद बुखार आने का रिएक्शन हुआ है। इधर जबलपुर मेडिकल कॉलेज में करीब 40 मरीजों को इंजेक्शन का रिएक्शन होने पर अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया, जिसने इस बैच नंबर के सभी इंजेक्शन, मरीजों को लगाने पर रोक लगा दी है। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के प्रबंधन के मुताबिक मरीजों के इलाज के लिए Amphotericin B इंजेक्शन्स की व्यवस्था की जा रही है और हिमाचल की एफी फार्मा से आए इंजेक्शन्स के रिएक्शन की सूचना चिकित्सा शिक्षा विभाग को पहुंचाई जा रही है। फिलहाल इंजेक्शन लगने के बाद रिएक्शन का शिकार हुए मरीजों का इलाज मेडिकल कॉलेज के सीनियर डॉक्टर्स की देखरेख में हो रहा है और प्रबंधन के मुताबिक उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
Read More: 12 महीने में 20 बच्चों की मां बनी यह महिला, वजह जानकर आप भी रह जाएंगे हैरान