आखिर क्यों मिली करारी हार? मंथन कर रही कांग्रेस, कई जिला अध्यक्षों और विधानसभा प्रभारियों पर गिर सकती है गाज
आखिर क्यों मिली करारी हार? मंथन कर रही कांग्रेस, कई जिला अध्यक्षों और विधानसभा प्रभारियों पर गिर सकती है गाज
भोपाल: मध्यप्रदेश की 28 विधानसभा सीटों में हुए उपचुनाव में कांग्रेस को 19 सीटों में हार का सामना करना पड़ा है। इस करारी हार के बाद कांग्रेस मंथन कर रही है। इसी के तहत शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलकात की। यहां पर उन्होंने सोनिया गांधी को 19 सीटों की रिपोर्ट दी। सोनिया ने इस दौरान कमलनाथ को संगठन में बदलाव करने के दिशा-निर्देश भी दिए हैं। कमलनाथ को 19 सीटों के विधानसभा प्रभारी और जिला अध्यक्षों की रिपोर्ट सोनिया गांधी को जल्द सौंपनी होगी। साथ ही रिपोर्ट में हार के कारणों की जानकारी देनी होगी कि आखिरकार 19 विधानसभा सीटों में हार के क्या कारण थे? कमलनाथ दीवाली के बाद अपनी रिपोर्ट सोनिया गांधी को सौंपेंगे।
बताया जा रहा है कि अगर विधानसभा प्रभारी और जिला अध्यक्ष का फीड संतोषजनक नहीं रहा, तो जिलाध्यक्ष और प्रभारी पर कार्रवाई होगी। कमलनाथ ने सख्त लहजे पर जिला अध्यक्ष और प्रभारियों को निर्देश दिए हैं और जल्द से जल्द हार की समीक्षा कर सभी रिपोर्ट मांगी है। कार्यकर्ताओं से भी प्रभारी और जिलाध्यक्ष की रिपोर्ट कमलनाथ लेंगे।
वहीं दूसरी ओर सूत्रों के हवाले से कमलनाथ को जानकारी मिली है कि कई जिला अध्यक्ष और प्रभारियों ने सिंधिया और बीजेपी के समर्थन में काम किया है। पैसे के लेन-देन की भी बात सामने आ रही है। प्रत्याशियों ने भी बीजेपी के प्रत्याशी से पैसे लेकर आखिरी के तीन-चार दिनों में प्रचार नहीं किया है। इन सभी की रिपोर्ट लेकर कमलनाथ इन पर सख्त कार्रवाई करेंगे।

Facebook


