भोपाल: मध्यप्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर ने हाहाकार मचा दिया है। रोजाना प्रदेश के अलग-अलग जिलों से हजारों नए मामले सामने आ रहे हैं। इसी बीच खबर आ रही है कि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को बिना कोरोना जांच कराए ही सैंपल लिए जाने का मैसेज आया है। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के मोबाइल पर गुरुवार सुबह 9.39 बजे एक मैसेज आया। मैसेज कोरोना जांच के लिए उनका सैंपल लिए जाने की जानकारी दी गई थी। लेकिन हैरानी की बात ये है की उन्होंने सैंपल दिया ही नहीं है। मैसेज को ट्वीट करते हुए दिग्गी ने पूछा है कि ये हो क्या रहा है कोई बताएगा?
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में बुधवार को 9 हजार 720 नए संक्रमित मरीज मिले, जबकि 24 घंटे में 51 मरीजों की मौत उपचार के दौरान हो गई। वहीं कल 3 हजार 657 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए।
नए मरीज मिलने और डिस्चार्ज होने के बाद अब सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 49 हजार 551 हो गई है। वहीं मौत के आंकड़ों को देखें तो अब तक 4 हजार 312 मरीजों की कोरोना से मौत हो गई। प्रदेश में अब तक 3 लाख 63 हजार 352 संक्रमित मरीजों की पहचान हुई है। वहीं अब तक 3 लाख 9 हजार 489 मरीज स्वस्थ हुए हैं।