रायपुर: छत्तीसगढ़ में सत्ता पलट होने के बाद शायद भाजपा में अंतर्कलह देखने को मिल रहा है। बीते दिनों भाजपा के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने का बयान भाजपा की भीतरखाने की बात बयां करती है। इन सब के बीच रायपुर नगर निगम के पूर्व महापौर और सभापति प्रमोद दुबे ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। सभापति दुबे ने अपने पत्र में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से नेता प्रतिपक्ष का चयन करने की बात कही है।
प्रमोद दुबे ने लिखा है कि प्रत्येक दो माह में एक बार सामान्य सभा का आयोजन होता है, जिससे जनहित के मुद्दे पर चर्चा और विकास कार्यों पर नीति निर्धारित की जाती है। अत्यंत खेद के साथ निवेदन किया जाता है कि भाजपा में किसी को नेता अर्थात नेता प्रतिपक्ष पद पर नामांकित नहीं किया है, जिसके चलते बैठक में किसे आमंत्रित कर सामान्य सभा की तिथि तय करें जिससे निगम के कामकाज का संचालन सुचारु रुप से कर सकें, संशय है।
भाजपा के सम्मानित पार्षदों ने मुझे ज्ञापन सौंपा है। महापौर भी निगम विकास से संबंधित विषयों पर सामान्य सभा बुलाकर चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष का चयन ही नहीं है। आपसे आग्रह है कि जल्द से जल्द सामान्य सभा की बैठक बुलाए जाने हेतु नेता प्रतिपक्ष पद पर सम्मानीय पार्षद का नाम नामांकित करने का कष्ट करें, ताकि नेता प्रतिपक्ष के रुप में उनको आमंत्रित किया जा सके।