रायपुर । छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 12 वां दिन है। आज भी सदन में विपक्ष कई अहम मुद्दों को लेकर सवाल उठाएगा और आज भी कई सवालों पर हंगामे के पूरे आसार हैं। इसके साथ ही आज लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरु रुद्र कुमार, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल के विभागों से संबंधित बजट अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वन एवं खाद्य मंत्री मोहम्मद अकबर के विभागों से संबंधित ज्यादातर सवाल लगाए गए हैं।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस के सहयोगी महान दल का विवादित बयान, कहा- पाकिस्तान से भी आकर चुनाव लड़े प्रत्याशी
बीजेपी के सौरभ सिंह ने जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड में विद्युत सब स्टेशन निर्माण को लेकर सवाल किए हैं, वहीं जेसीसीजे के प्रमोद कुमार शर्मा ने बलौदा बाजार में अवैध उत्खनन और परिवहन की जानकारी मांगी है। वहीं भाजपा के भीमा मंडावी बस्तर संभाग के अंतर्गत वनों के अवैध कटाई का मामला उठाकर मंत्री मोहम्मद अकबर को घेरने की कोशिश करेंगे। कांग्रेस की लक्ष्मी ध्रुव ने मुख्यमंत्री से मुख्यमंत्री स्काई योजना के तहत मोबाइल खरीदने की जानकारी मांगी है। इसी तरह ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से भाजपा के शिवरतन शर्मा भाटापारा बलौदाबाजार मार्ग निर्माण में अनियमितता का मुद्दा उठाएंगे।