ओडिशा की भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर 10 दिवसीय समारोह का आयोजन होगा
ओडिशा की भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर 10 दिवसीय समारोह का आयोजन होगा
भुवनेश्वर, 14 मई (भाषा) ओडिशा सरकार ने बृहस्पतिवार को राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 10 दिवसीय समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 12 से 21 जून के बीच आमंत्रित किया जाएगा।
यह निर्णय मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में हुई एक प्रारंभिक बैठक में लिया गया।
राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया, ‘‘प्रधानमंत्री को 12 से 21 जून के बीच उनकी सुविधानुसार किसी भी दिन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। इस पर अंतिम फैसला प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) करेगा।’’
पुजारी ने बताया कि पिछले साल प्रधानमंत्री ओडिशा में भाजपा सरकार के एक साल पूरा होने के मौके पर आयोजत समारोह में शामिल हुए थे।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री की सोच-समझकर खर्च करने की अपील को ध्यान में रखते हुए समारोह सादगीपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा।
बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री माझी ने मंत्रियों और अधिकारियों को सरकार की उपलब्धियों को पेश करने के लिए भव्य आयोजनों के बजाय सूचना प्रसार के माध्यम का उपयोग करने को कहा है।
सरकार पिछले दो वर्षों में राज्य की भाजपा सरकार के प्रदर्शन की जानकारी देने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया मंचों पर पुस्तिकाएं, पर्चे और डिजिटल सामग्री जारी करेगी।
ओडिशा में साल 2000 से नवीन पटनायक के नेतृत्व में शासन कर रही बीजू जनता दल (बीजद) को हराकर भाजपा ने 12 जून 2024 को सरकार बनाई थी।
भाषा प्रचेता शफीक
शफीक

Facebook


