रामगढ़, 26 जून (भाषा) झारखंड के रामगढ़ और गोड्डा जिलों में पिछले 24 घंटों में अलग-अलग सड़क हादसों में दस लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार आठ लोगों की मौत रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में बरलाउंग बुधबाजार के पास आधी रात के करीब उस समय हुई, जब कोयले से लदे एक ट्रक ने बैंड पार्टी ले जा रही गाड़ी को टक्कर मार दी।
राजराप्पा थाने के प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया, ‘‘शुरुआत में इस हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी। इलाज के लिए रांची के रिम्स भेजे गए एक घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मरने वालों की कुल संख्या आठ हो गई है।’’
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया।
गंगवार ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘रामगढ़-बोकारो राजमार्ग पर लारी-बारलोंग के पास हुए सड़क हादसे की खबर, बेहद दुखद और पीड़ादायक है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें दुख की इस घड़ी को सहने की शक्ति दें।’’
सोरेन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कल देर रात रामगढ़-बोकारो रोड पर लारी-बरलौंग के पास सड़क हादसे में सात लोगों की मौत की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है। मारंग बुरु दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को दुख की इस घड़ी को सहने की शक्ति दें।’’
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले मारंगमार्चा और बालसागरा के रहने वाले थे और यह हादसा तब हुआ जब वे शुक्रवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मार्ग को जाम कर दिया। उनका आरोप था कि जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण पिछले तीन दिन में इस क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में कम-से-कम 11 लोगों की जान जा चुकी है।
बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।
राजराप्पा पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों गाड़ियां ज़ब्त कर ली गईं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
गोड्डा जिले में शुक्रवार को पत्थरगामा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर एक अज्ञात एसयूवी ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।
पत्थरगामा थाने के प्रभारी शिव दयाल सिंह ने बताया, ‘यह हादसा निस्तारा गांव के पास हुआ। मृतकों की पहचान चंदन राय (20) और संजीव राय (22) के तौर पर हुई है, जो टाउन थाना क्षेत्र के कुरमान गांव के रहने वाले थे।’
भाषा राखी राजकुमार
राजकुमार