कोच्चि (केरल), 26 जून (भाषा) अपने आप को भारतीय नौसेना का कमांडर बताकर नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से कथित तौर पर ठगी करने वाले एक व्यक्ति को यहां गिरफ्तार किया गया। रक्षा प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
रक्षा प्रवक्ता के अनुसार नौसेना एवं केरल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किये गये इस आरोपी की पहचान कोच्चि के पलारिवट्टोम निवासी बिमल एस. नंबूथिरी के रूप में हुई है।
प्रवक्ता के अनुसार वह खुद को नौसेना का अधिकारी बताकर नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देता था।
बयान के अनुसार खुफिया एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। पुख्ता सूचना के आधार पर भारतीय नौसेना ने 25 जून को केरल पुलिस के साथ मिलकर उसे गिरफ्तार किया।
नौसेना ने कहा कि भर्ती पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित प्रक्रिया से होती है तथा इसमें किसी बिचौलिए या एजेंट की कोई भूमिका नहीं होती। भर्ती संबंधी सभी सूचनाएं केवल आधिकारिक पोर्टल और सरकारी माध्यमों से जारी की जाती हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा
राखी राजकुमार
राजकुमार