नगा बंधकों पर हमारे प्रमुख की टिप्पणियों का गलत मतलब निकाला गया: कुकी जो परिषद

Ads

नगा बंधकों पर हमारे प्रमुख की टिप्पणियों का गलत मतलब निकाला गया: कुकी जो परिषद

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 12:44 AM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 12:44 AM IST

चुराचांदपुर/इंफाल, 26 जून (भाषा) मणिपुर में छह नगा बंधकों की हत्या के लिए कुकी-जो परिषद के प्रमुख हेनलिएनथांग थांगलेट के माफी मांगने के एक दिन बाद, संगठन ने शुक्रवार को कहा कि उनकी बातों के कुछ हिस्सों का ‘‘कुकी-जो समुदाय द्वारा जिम्मेदारी स्वीकार करने के तौर पर गलत मतलब निकाला गया।’’

परिषद ने एक बयान में कहा कि इसके प्रमुख ने जो दुख जताया, वह पूरी तरह से मानवता, हमदर्दी और नैतिक जिम्मेदारी की भावना से था तथा ‘‘इसका मकसद सामूहिक रूप से दोषी ठहराना नहीं था।’’

यह स्पष्टीकरण तब आया जब नगा छात्रों के एक प्रभावशाली संगठन ने राज्य में छह नगा बंधकों की हत्या के मामले में केजेसी प्रमुख द्वारा मांगी गई माफ़ी पर नाराज़गी ज़ाहिर की।

चुराचांदपुर जिला मुख्यालय में एक दिन पहले प्रेसवार्ता में थांगलेट ने कहा था, ‘‘मैं स्वीकार करता हूं कि छह नगा नागरिकों की हत्या करके कुकी-जो समुदाय के लोगों ने एक गंभीर गलती की। यह भावुकता में आकर किया गया था। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। मुझे इसका बहुत खेद है और मैं अपने समुदाय की ओर से माफी मांगता हूं।’

शुक्रवार को जारी बयान में कुकी-ज़ो समूह ने कहा, ‘केजेडसी साफ़ तौर पर यह स्पष्ट करना चाहता है कि अध्यक्ष ने जो खेद जताया, वह पूरी तरह से इंसानियत, सहानुभूति और नैतिक ज़िम्मेदारी की भावना से किया गया है।’’

बयान में कहा गया, ‘उनकी बातों का मकसद कभी भी कुकी-ज़ो लोगों पर सामूहिक रूप से दोष मढ़ना या यह संकेत देना नहीं था कि इन हत्याओं के लिए कुकी-ज़ो समुदाय ज़िम्मेदार था।’

भाषा सुभाष राजकुमार

राजकुमार