पणजी, 19 अप्रैल (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि गोवा के शिरगांव गांव में सोमवार से शुरू हो रहे वार्षिक श्री लैराई देवी उत्सव के दौरान सुरक्षा के लिए करीब 1,000 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
पिछले साल श्री लैराई देवी मंदिर में आयोजित इस उत्सव के दौरान मची भगदड़ में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई थी। इस उत्सव में शामिल होने के लिए उत्तर गोवा के शिरगांव गांव स्थित मंदिर में हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
सावंत ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और मंदिर समिति के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शनिवार शाम बैठक की और उत्सव स्थल पर तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि उत्सव के दौरान सुरक्षा के लिए करीब 1,000 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए छह अलग-अलग क्षेत्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक क्षेत्र की जिम्मेदारी उप मंडलीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) स्तर के एक अधिकारी को सौंपी जाएगी।
सावंत ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति उत्सव के दौरान अव्यवस्था फैलाते, शरारत करते या झगड़ा करते पाया गया तो उसे स्थल से तुरंत बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से वार्षिक उत्सव के सुचारू आयोजन के लिए प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने पुलिस, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन सेवा की ओर से की गई तैयारियों की भी समीक्षा की।
सावंत ने अधिकारियों से सतर्क रहने की अपील की ताकि कोई अप्रिय घटना नहीं हो और उत्सव का आयोजन बिना किसी विवाद या व्यवधान के शांतिपूर्ण ढंग से हो सके।
भाषा
सिम्मी सुरभि
सुरभि