ठाणे, 19 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में 35 वर्षीय एक सामाजिक कार्यकर्ता के खिलाफ एक महिला का यौन उत्पीड़न करने और उसके आपत्तिजनक वीडियो का इस्तेमाल करके उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
मुंब्रा पुलिस ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसे ढूंढने के प्रयास जारी हैं।
मुंब्रा पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर जुलाई 2024 में शादी का झांसा देकर महिला को अपने जाल में फंसाया। पुलिस ने बताया कि वह उसे महापे और मुंब्रा के विभिन्न स्थानों पर ले गया, जहाँ उसने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। पुलिस के अनुसार, उसने इन कृत्यों का वीडियो भी बना लिया और बाद में महिला को ब्लैकमेल करने के लिए उनका इस्तेमाल किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता का इस्तेमाल सरकारी कार्यालयों से संवेदनशील फाइलें और दस्तावेज चुराने के लिए भी किया था।
उन्होंने बताया कि जब पीड़िता ने विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके सिर पर लाठी से वार किया और उसे लात मारी।
मुंब्रा पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर शनिवार को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 (धोखाधड़ी से यौन संबंध), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 351(2) आपराधिक धमकी के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच ठाणे अपराध शाखा को सौंप दी गई है और संगठित गिरोह की संलिप्तता की संभावना की भी जांच चल रही है।
पुलिस आरोपी के ‘डिजिटल फुटप्रिंट’ का पता लगा रही है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप