कर्नाटक में एसआईआर प्रक्रिया के तहत 1.07 करोड़ मतदाता एएसडीडीओ श्रेणी में शामिल

Ads

कर्नाटक में एसआईआर प्रक्रिया के तहत 1.07 करोड़ मतदाता एएसडीडीओ श्रेणी में शामिल

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 09:12 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 09:12 PM IST

बेंगलुरु, 19 अगस्त (भाषा) कर्नाटक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए कराई जा रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत 1.07 करोड़ से अधिक मतदाताओं को एएसडीडीओ श्रेणी में डाला गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत घर-घर जाकर गणना प्रपण वितरित करने और उन्हें प्राप्त करने तथा आंकड़ों का डिजिटलीकरण का कार्य 30 जून से 17 अगस्त तक किया गया।

कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) वी. अंबुकुमार के कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार, कुल गणना प्रपत्रों में से 5,54,32,314 यानी 100 प्रतिशत को डिजिटल स्वरूप में तब्दील कर दिया गया है। कुल 1,07,96,415 मतदाताओं (19.48 प्रतिशत) को अनुपस्थित, स्थानांतरित, नाम में दोहराव, मृत और अन्य (एएसडीडीओ) श्रेणी में रखा गया है।

आंकड़ों के मुताबिक, केवल बेंगलुरु शहरी जिले में कुल 40,21,039 मतदाताओं में से 17.17 लाख से अधिक को एएसडीडीओ श्रेणी में रखा गया है।

इसी प्रकार बृहत बेंगलुरु महापालिका (बीबीएमपी)-उत्तर में यह संख्या 10.52 लाख से अधिक है, जबकि बीबीएमपी (मध्य)में लगभग 8.60 लाख और बीबीएमपी (दक्षिण)में करीब 10.58 लाख मतदाताओं को इस श्रेणी में चिह्नित किया गया है।

सीईओ कार्यालय के अनुसार एएसडीडीओ के तहत चिह्नित मतदाताओं में से 15,17,056 (2.74 प्रतिशत) को पता न चलने वाले या अनुपस्थित श्रेणी में, 65,45,721 (11.81 प्रतिशत) को स्थायी रूप से स्थानांतरित श्रेणी में, 16,39,871 (2.96 प्रतिशत) को मृत की श्रेणी में, 7,09,875 (1.28 प्रतिशत) को पहले से नामांकित और 3,83,892 (0.69 प्रतिशत) को अन्य श्रेणी में रखा गया है।

भाषा धीरज संतोष

संतोष