नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) सरकार ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा (संशोधन) विधेयक के प्रारूप पर आम नागरिकों से 108 टिप्पणियां मिलीं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक सवाल के लिखित जवाब में खाद्य राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभनिया ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा (संशोधन) विधेयक के प्रारूप पर आम नागरिकों सहित विभिन्न हितधारकों से टिप्पणियां और सुझाव आमंत्रित किए गए थे। आम नागरिकों से लगभग 108 टिप्पणियां प्राप्त हुईं।’’
मंत्री ने कहा कि सरकार आम नागरिकों द्वारा जताई गई चिंताओं से अवगत है और परामर्श, संवाद तथा आम सहमति बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मसौदा विधेयक में प्रस्ताव है कि अंत्योदय अन्न योजना परिवारों को हर महीने प्रति व्यक्ति सात किलोग्राम अनाज दिया जाए जिसमें एक परिवार के लिए अधिकतम 35 किलोग्राम की सीमा होगी। अभी परिवार के सदस्यों की संख्या पर विचार किए बिना हर परिवार को 35 किलोग्राम अनाज मिलता है।
मसौदा पर राय देने की समय-सीमा 13 जुलाई को खत्म हो गई।
भाषा अविनाश सुभाष
सुभाष