झारखंड के गुमला में लुटेरों के अंतर-राज्यीय गिरोह के 11 सदस्य गिरफ्तार
झारखंड के गुमला में लुटेरों के अंतर-राज्यीय गिरोह के 11 सदस्य गिरफ्तार
गुमला (झारखंड), नौ अगस्त (भाषा) झारखंड के गुमला जिले में रविवार को झपटमारी और लूटपाट की घटनाओं में शामिल एक अंतर-राज्यीय आपराधिक गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 70 ग्राम सोना, 1.5 किलोग्राम चांदी, 1.70 लाख रुपये नकद, तीन देसी आग्नेयास्त्र और अन्य सामान बरामद किया।
गुमला के पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने पत्रकारों को बताया कि ये 11 लोग – जिनमें से ज्यादातर ओडिशा के रहने वाले हैं – हाल ही में गुमला के पालकोट और घाघरा इलाकों में हुई सोने की लूट की दो बड़ी घटनाओं में शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, “पालकोट में बिलुंग-बिरा रोड के पास कथित तौर पर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे लोगों के एक समूह के बारे में मिली गुप्त सूचना के आधार पर ये गिरफ्तारियां की गईं। बासिया के अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) की अगुवाई में एक एसआईटी बनाई गई। उन्होंने सबसे पहले सात लोगों को पकड़ा और उनके पास से हथियार, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किये।”
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान उन्होंने ऐसी जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने चार और संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से नौ ओडिशा के रहने वाले थे, जबकि बाकी दो छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के हैं।
अधिकारी ने कहा, “गिरफ्तार किए गए आरोपी कथित तौर पर ‘कोराई गिरोह’ का हिस्सा थे, जो राज्य की सीमाओं के पार काम करता था और चोरी, झपटमारी और डकैती जैसी वारदातों में शामिल था।”
भाषा प्रशांत अमित
अमित

Facebook


