गोवा में ‘महिला डिजिटल सशक्तीकरण योजना’ के तहत 115 महिलाओं को मिला प्रशिक्षण
गोवा में ‘महिला डिजिटल सशक्तीकरण योजना’ के तहत 115 महिलाओं को मिला प्रशिक्षण
पणजी, एक जून (भाषा) गोवा में डिजिटल खाई (डिजिटल डिवाइड) को पाटने और महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘महिला डिजिटल सशक्तीकरण योजना’ (एमडीएसवाई) के तहत अब तक 115 महिलाओं को डिजिटल साक्षरता और कंप्यूटर के बुनियादी कौशल का प्रशिक्षण दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग द्वारा 17 फरवरी को शुरू की गई इस योजना को इंफो टेक कॉरपोरेशन ऑफ गोवा लिमिटेड (आईटीजी) के माध्यम से लागू किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य महिलाओं को आवश्यक डिजिटल कौशल प्रदान करना तथा उन्हें ऑनलाइन सेवाओं का सुरक्षित और प्रभावी ढंग से उपयोग करने में सक्षम बनाना है।
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम का लक्ष्य महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और व्यक्तिगत विकास के लिए डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल में सक्षम बनाकर उन्हें सशक्त करना है। योजना के तहत प्रतिवर्ष लगभग 3,000 महिलाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
गोवा के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रोहन खौंटे ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की महिलाएं राज्य की तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था में भागीदारी कर सकें।
उन्होंने कहा, ‘‘यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि डिजिटल खाई को पाटने का एक अभियान है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आज की डिजिटल दुनिया में कौशल, आत्मविश्वास और अवसरों तक पहुंच प्रदान करना है।’’
प्रशिक्षण सत्र आईटी नॉलेज सेंटर, कॉमन सर्विस सेंटर और पंचायत भवनों जैसी स्थानीय सुविधाओं में आयोजित किए जा रहे हैं। ये सत्र 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की गोवा की उन महिलाओं के लिए खुले हैं, जो कम से कम 15 वर्षों से राज्य में निवास कर रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण में स्मार्टफोन का उपयोग, डिजिटल भुगतान और बैंकिंग, सोशल मीडिया जागरूकता, ऑनलाइन सुरक्षा, डिजिटल संचार और सरकारी सेवाओं तक पहुंच जैसे व्यावहारिक विषय शामिल हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप
दिलीप

Facebook


