उत्तराखंड के चमोली में वाहन खाई में गिरने से 12 लोगों की मौत

उत्तराखंड के चमोली में वाहन खाई में गिरने से 12 लोगों की मौत

उत्तराखंड के चमोली में वाहन खाई में गिरने से 12 लोगों की मौत
Modified Date: November 29, 2022 / 08:35 pm IST
Published Date: November 18, 2022 10:25 pm IST

गोपेश्वर/देहरादून (उत्तराखंड), 18 नवंबर (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक वाहन के गहरी खाई में गिरने के बाद दो महिलाओं सहित 12 लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल ने यह जानकारी दी।

बचाव अभियान में जुटी एसडीआरएफ ने बताया कि 17 यात्रियों को ले जा रही एक टाटा सूमो शाम करीब चार बजे जिले के जोशीमठ इलाके के उरगाम में एक खाई में गिर गई।

चमोली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रमेन्द्र डोभाल ने कहा कि घटना के समय यात्री जोशीमठ से पल्ला जखोल गांव जा रहे थे।

एसपी ने कहा कि दो यात्री अंतिम समय में वाहन से बाहर कूद गए।

एक चश्मदीद ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि खाई करीब 300 मीटर गहरी है और उस जगह तक पहुंचना मुश्किल है जहां दुर्घटनाग्रस्त वाहन पड़ा हुआ है।

बताया जा रहा है कि कार क्षमता से अधिक भरी हुई थी और कुछ लोग छत पर बैठे थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिवार को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

उन्होंने चमोली के जिलाधिकारी हिमांशु खुराना से फोन पर बात की और बचाव कार्य में तेजी लाने को कहा। धामी ने जिलाधिकारी से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि घायलों को मुफ्त इलाज मुहैया कराया जाए।

चमोली में एसपी कार्यालय द्वारा जारी सूची के अनुसार हादसे में मारे गए लोगों की पहचान दलीप सिंह चौहान, सिताब सिंह चौहान, सुबोध सिंह, विक्रम सिंह, कश्मीरा देवी, लक्ष्मण सिंह, ताजवर सिंह, राजेश्वरी, गजेंद्र सिंह, रंजीत सिंह गब्बर सिंह एवं शिव सिंह और शिव सिंह के रूप में हुई है।

मारे गए लोगों में ज्यादातर किमाना, कालकोट, दुमक और पल्ला गांव के थे।

घायलों की पहचान अजित यादव, रोहित प्रजापति और महावीर सिंह के रूप में हुई है। हेमंत चौहान और जीतपाल नामक व्यक्ति बाल-बाल बच गए।

भाषा

जोहेब माधव

माधव


लेखक के बारे में

IBC24 डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं, जहां मेरी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति सहित प्रमुख विषयों की खबरों की कवरेज और प्रस्तुति है। वर्ष 2016 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हूं और अब तक 10 वर्षों का अनुभव प्राप्त किया है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए न्यूज़ राइटिंग और डिजिटल टूल्स में दक्षता हासिल की है। मेरे लिए पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है—सटीक, तेज और असरदार जानकारी पाठकों तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। बदलते डिजिटल दौर में खुद को लगातार अपडेट कर, कंटेंट की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।