तिरुवनंतपुरम, 11 सितंबर (भाषा) तिरुवनंतपुरम के कझाकुट्टम में पुलिस ने प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के 1,375 पैकेट जब्त कर, इसकी अवैध बिक्री में कथित तौर पर संलिप्त असम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जियारुल हक (42) के रूप में हुई है। वह असम के नागांव जिले के सैदोरिया का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे कझाकुट्टम में हक के किराए के मकान पर छापा मारा गया और पान मसाला सहित प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों से भरे कई बैग बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, हक उन अन्य राज्यों से तंबाकू उत्पाद खरीदता था जहां इनकी बिक्री की अनुमति है। वह ऐसे उत्पादों को कझाकुट्टम लाता था और तिरुवनंतपुरम में ऊंचे दामों पर बेचता था।
केरलम में चबाने वाले तंबाकू और पान मसाला की बिक्री प्रतिबंधित है।
कझाकुट्टम पुलिस ने सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (सीओटीपीए) के तहत मामला दर्ज कर हक को गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री में हक से जुड़े अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा