राजमार्ग चौड़ीकरण के लिए सतवारी में दुकानों का ध्वस्तीकरण, कारोबारियों की पुनर्वास की मांग

Ads

राजमार्ग चौड़ीकरण के लिए सतवारी में दुकानों का ध्वस्तीकरण, कारोबारियों की पुनर्वास की मांग

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 12:33 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 12:33 PM IST

जम्मू, 11 सितंबर (भाषा) जम्मू शहर में राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए प्रशासन ने शुक्रवार को कई दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से नाराज कारोबारियों ने तत्काल प्रभावितों के पुनर्वास की मांग की।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन के कर्मचारियों और मशीनों ने भारी सुरक्षा के बीच सतवारी-नयी बस्ती इलाके में दूसरे दिन भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

उन्होंने बताया कि अधिकारियों की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद दुकानदारों और अन्य लोगों के परिसर खाली करने के बाद यह अभियान चलाया गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को सतवारी इलाके में लगभग 20 दुकानें ध्वस्त कर दी गईं जबकि शुक्रवार को 13 दुकानों का ध्वस्तीकरण किया गया।

अधिकारियों ने दावा किया कि दुकानदारों को कई बार नोटिस दिए गए थे और उन्हें तोड़-फोड़ की कार्रवाई से दो दिन पहले ही सामान हटाने के लिए कह दिया गया था। उन्होंने बताया कि बुधवार को इन ढांचों की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई थी।

सुरेश कुमार नाम के एक दुकानदार ने हालांकि आरोप लगाया कि प्रशासन मनमानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से प्रभावित लोगों को भारी परेशानी हुई है।

कुमार ने कहा, ‘‘अपनी मनमानी करके वे कारोबारी समुदाय को नुकसान पहुंचा रहे हैं और गलत संदेश दे रहे हैं। हमारी रोजी-रोटी पूरी तरह बर्बाद हो गई है। हम चाहते हैं कि यह सब पूरी तरह से बंद किया जाए।’’

एक अन्य दुकानदार अरमिंदर सिंह ने हालात को ‘बहुत दुखद’ बताया और कहा कि तोड़-फोड़ से कई परिवारों की रोज़ी-रोटी पर बुरा असर पड़ा है।

सिंह ने कहा,‘‘इस नुकसान की भरपाई नहीं की जा सकती। यह हमारी आजीविका है। हमारी आजीविका की कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती।’’ उन्होंने उप-राज्यपाल और सरकार से प्रभावित दुकानदारों के लिए न्याय और पुनर्वास की अपील की।

भाषा धीरज मनीषा

मनीषा