पीएम-सूरज पोर्टल के जरिये 2024-25 में 1.39 लाख उद्यमियों को ऋण प्राप्त हुए: सामाजिक न्याय मंत्री
पीएम-सूरज पोर्टल के जरिये 2024-25 में 1.39 लाख उद्यमियों को ऋण प्राप्त हुए: सामाजिक न्याय मंत्री
नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने मंगलवार को लोकसभा को बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में ‘पीएम-सूरज पोर्टल’ के जरिये 1.39 लाख उद्यमियों को 1,389.61 करोड़ रुपये के ऋण प्रदान किये गए, जबकि लक्ष्य एक लाख उद्यमियों को लाभ पहुंचाने का था।
मंत्री ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि ये ऋण राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (एनएसएफडीसी), राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (एनएसकेएफडीसी) और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीसी) द्वारा पोर्टल के माध्यम से प्रदान किए गए।
कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री सामाजिक उत्थान एवं रोजगार आधारित जनकल्याण (पीएम-सूरज) पोर्टल सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग द्वारा कार्यान्वित की जा रही रियायती ऋण सहायता योजनाओं को समेकित करने के लिए एक एकीकृत पोर्टल है।
पोर्टल के माध्यम से एनएसएफडीसी, एनएसकेएफडीसी और एनबीसीएफडीसी को राज्य की वित्तीय सहायता एजेंसियों और साझेदार बैंकों के साथ एकीकृत किया गया है।
इसका उद्देश्य अनुसूचित जाति, सफाई कर्मचारी और पिछड़े वर्ग जैसे हाशिए पर मौजूद समुदायों के लोगों के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
कुमार ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान, एक लाख लाभार्थियों के लक्ष्य के मुकाबले, तीनों निगमों द्वारा कुल 1,39,467 लाभार्थी उद्यमियों को 1,389.61 करोड़ रुपये के ऋण प्रदान किए गए।’’
भाषा सुभाष अविनाश
अविनाश

Facebook


