दिल्ली पुलिस में 14,000 रिक्तियां : सरकार
दिल्ली पुलिस में 14,000 रिक्तियां : सरकार
नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) सरकार ने बुधवार को राज्यसभा को बताया कि दिल्ली पुलिस में कुल स्वीकृत पदों के लगभग 14.5 प्रतिशत और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के लगभग 44 प्रतिशत पद रिक्त हैं।
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक सवाल के लिखित जवाब में कहा कि 97,331 कर्मियों की कुल स्वीकृत संख्या के मुकाबले 12 मार्च 2026 तक 14,140 पद रिक्त थे।
उन्होंने बताया कि इनमें से 13,958 रिक्तियां कांस्टेबल से इंस्पेक्टर स्तर तक के पदों पर हैं, जबकि स्वीकृत पद 96,817 हैं। सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के 346 पदों में से 152 पद रिक्त हैं।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और उससे ऊपर के स्तर पर 168 पदों में से 30 पद रिक्त हैं, जो स्वीकृत पदों का लगभग 17.9 प्रतिशत है।
मंत्री ने कहा कि दिल्ली के सभी थानों में पर्याप्त कर्मचारी, महिला सहायता केंद्र और आधुनिक संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के सभी 15 पुलिस जिलों में साइबर पुलिस थाने कार्यरत हैं।
राय ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई उपाय किए हैं, जिनमें अपराध-संभावित क्षेत्रों की पहचान और पैदल गश्त, पीसीआर (पुलिस नियंत्रण कक्ष) वैन और आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों की तैनाती शामिल है।
उन्होंने कहा कि अन्य उपायों में अपराधियों की पहचान, निगरानी और गिरफ्तारी, स्थानीय पुलिस, पीसीआर कर्मचारियों और यातायात पुलिस द्वारा एकीकृत गश्त और सामुदायिक कार्यक्रम शामिल हैं।
भाषा अविनाश सुभाष
सुभाष

Facebook


