पिछले 12 वर्षों में चक्रवातों में 147 लोगों की मौत हुई: ओडिशा के मंत्री

Ads

पिछले 12 वर्षों में चक्रवातों में 147 लोगों की मौत हुई: ओडिशा के मंत्री

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 06:06 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 06:06 PM IST

भुवनेश्वर, 19 फरवरी (भाषा) ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बृहस्पतिवार को विधानसभा को बताया कि पिछले 12 वर्षों में राज्य में आए चक्रवातों में कुल 147 लोगों की जान चली गई।

कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद बहिनीपति के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में पुजारी ने कहा कि राज्य में 2014 से 2025 के बीच 12 चक्रवात आए, जिनमें से चार में 147 लोगों की जान गई।

उन्होंने बताया कि इन चक्रवातों के कारण राज्य को 19,529 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

उन्होंने बताया कि 2018 में चक्रवात तितली से सबसे अधिक 73 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2019 में आए चक्रवात फेनी में 68 लोगों की जान गई थी।

उन्होंने बताया कि 2014 में आए चक्रवात हुदहुद में तीन लोगों की और 2021 में आए चक्रवात यास में भी तीन लोगों की मौत हुई थी।

पुजारी ने कहा कि चक्रवात फेनी से राज्य को 9,336.27 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ, जबकि चक्रवात हुदहुद से 4,949.39 करोड़ रुपये की संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई।

उन्होंने बताया कि चक्रवात तितली से 2,779.32 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

पुजारी ने कहा कि इन चक्रवातों में 54.21 लाख से अधिक पशुओं की जान चली गयी।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश