आइजोल, दो जनवरी (भाषा) म्यामां में जातीय उग्रवादी संगठन के साथ सशस्त्र संघर्ष के दौरान वहां से भागकर मिजोरम आ गये 151 सैनिकों मंगलवार को वापस भेज दिया गया। असम राइफल्स के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इन सैनिकों को म्यामां की वायुसेना मिजोरम की राजधानी आइजोल से विमान से ले गयी।
अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप 29 दिसंबर को उग्रवादी संगठन अराकान आर्मी के लड़ाकों ने इन सैनिकों के शिविर को ध्वस्त कर दिया, जिसके बाद वे भारतीय सीमा पार कर मिजोरम के लानगतलाई जिले में आ गये थे।
अपने हथियार लेकर भाग आये म्यामां सेना के इन जवानों ने ट्यूसेंटलांग में अर्धसैनिक बल असम राइफल्स से संपर्क किया था। वे तब से अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप पारवा में असम राइफल्स की अभिरक्षा में थे।
नवंबर में भी लोकतंत्र समर्थक मिलिशिया द्वारा म्यामां-भारत सीमा के समीप सैन्य शिविर नष्ट कर दिये जाने के बाद म्यामां के 104 सैनिक भागकर मिजोरम में आ गये थे। उनसभी को वापस भेज दिया गया था।
भाषा राजकुमार माधव
माधव