लुधियाना में कांग्रेस के कार्यक्रम में अफरातफरी, धक्का-मुक्की हुई

Ads

लुधियाना में कांग्रेस के कार्यक्रम में अफरातफरी, धक्का-मुक्की हुई

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 08:23 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 08:23 PM IST

लुधियाना, छह अगस्त (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई में जारी अंदरूनी कलह एक बार फिर बृहस्पतिवार को तब खुलकर सामने आ गई, जब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुलाई गई संगठनात्मक बैठक के दौरान पार्टी के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के खिलाफ प्रदर्शन हुआ तथा ‘‘वापस जाओ’’ जैसे नारे लगाए गए।

गुरु नानक भवन में आयोजित इस बैठक में बघेल और वडिंग दोनों मौजूद थे।

कार्यक्रम स्थल पर कुछ लोग ‘‘बघेल वापस जाओ’’ लिखी टी-शर्ट पहनकर पहुंचे और उन्होंने बघेल तथा वडिंग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व आंतरिक असंतोष की अनदेखी कर रहा है।

स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब वडिंग ने कथित तौर पर अपने संबोधन में प्रदर्शन कर रहे लोगों को ‘‘आरएसएस कार्यकर्ता’’ बताया। इसके बाद दोबारा नारेबाजी शुरू हो गई और वडिंग समर्थकों तथा पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु के कथित समर्थकों के बीच कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की भी हुई।

इस घटनाक्रम से एकजुटता दिखाने की पार्टी की कोशिशों को झटका लगा और पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर सार्वजनिक हो गई।

लुधियाना से सांसद वडिंग ने अपने आलोचकों और कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश करने वालों को आड़े हाथों लिया।

वडिंग ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि उन्होंने उनमें (समर्थकों) से कुछ लोगों की तब व्यक्तिगत रूप से मदद की थी ‘‘जब राज्य सतर्कता ब्यूरो ने उन्हें परेशान किया था’’ और अब वे नारे लगा रहे हैं।

वरिष्ठ नेता आशु का सीधे नाम लिए बिना, लेकिन उन्हें अपना ‘‘भाई’’ बताते हुए वडिंग ने कहा कि जब सतर्कता ब्यूरो ने उन्हें (आशु को) गिरफ़्तार किया था, तो उन्होंने (वडिंग ने) ब्यूरो के दफ़्तर के बाहर लगातार धरना दिया था, जब वह (आशु) आठ दिन तक ब्यूरो की हिरासत में रहे थे।

वडिंग ने दावा किया कि बृहस्पतिवार के कार्यक्रम में व्यवधान डालने की कोशिश करने वाले लोग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एजेंट हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी एक नेता की निजी जागीर नहीं है और न ही किसी एक व्यक्ति से संबंधित है, बल्कि यह सभी कार्यकर्ताओं की पार्टी है।

इस अवसर पर भूपेश बघेल ने स्पष्ट कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता के लिए कोई जगह नहीं है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यक्रम में बाधा डालने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।’’

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि कांग्रेस के बाहरी विरोधी तो दिखाई देते हैं, लेकिन पार्टी में ‘‘स्लीपर सेल’’ और ‘‘भितरघातियों’’ की पहचान कर उन्हें बाहर करना होगा।

उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति का निजी कार्यक्रम नहीं, बल्कि कांग्रेस का कार्यक्रम था, जो पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर आयोजित किया गया।

बघेल ने दावा किया कि पंजाब भर में कांग्रेस के कार्यक्रमों को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और इससे स्पष्ट है कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में कांग्रेस की वापसी होगी।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों पर लोगों की सेवा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना हुई।

कांग्रेस की पंजाब इकाई लंबे समय से गुटबाजी से जूझ रही है, हालांकि पार्टी नेतृत्व लगातार दावा करता रहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को एकजुट करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कांग्रेस नेतृत्व ने एक जुलाई को अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला किया था, जिसके बाद पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए थे।

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाले पार्टी के एक धड़े ने वडिंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनाए रखने के फैसले का विरोध किया था और उन्हें पद से हटाने की मांग की थी।

बघेल और वडिंग पिछले कुछ दिनों से पार्टी के ‘हर बूथ, कांग्रेस मजबूत’ अभियान के तहत विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं।

इसी अभियान के तहत मंगलवार को फिरोजपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में वडिंग ने स्पष्ट कहा था कि पार्टी के भीतर रहकर विरोधियों को फायदा पहुंचाने वाले ‘‘स्लीपर सेल’’ के सदस्यों को टिकट नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि टिकट का फैसला पार्टी आलाकमान करेगा, लेकिन वह यह सुनिश्चित करेंगे कि ऐसे ‘‘स्लीपर सेल’’ से जुड़े किसी भी व्यक्ति को टिकट न मिले।

वडिंग ने कहा, ‘‘कांग्रेस के प्रति निष्ठा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।’’

भाषा राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल