धौलपुर में 16 वर्षीय छात्र की पीट-पीटकर हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने यातायात जाम किया

धौलपुर में 16 वर्षीय छात्र की पीट-पीटकर हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने यातायात जाम किया

धौलपुर में 16 वर्षीय छात्र की पीट-पीटकर हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने यातायात जाम किया
Modified Date: July 20, 2026 / 02:08 pm IST
Published Date: July 20, 2026 2:08 pm IST

जयपुर, 20 जुलाई (भाषा) राजस्थान के धौलपुर जिले में 16 वर्षीय एक छात्र की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, छात्र का शव रविवार रात बाड़ी क्षेत्र के निकट एक जंगल में बोरियों से ढका मिला।

पुलिस ने बताया कि छात्र रविवार अपराह्न करीब दो बजे मवेशी चराने के लिए घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।

उसने बताया कि रात करीब नौ बजे जंगल में उसका शव बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, छात्र के सिर पर पत्थरों से प्रहार किए जाने के निशान मिले हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार रात बाड़ी-बसईरी राज्य राजमार्ग पर यातायात जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार को भी उनका प्रदर्शन जारी रहा।

ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।

पुलिस ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें प्रदर्शन समाप्त करने के लिए समझाने का प्रयास किया।

भाषा बाकोलिया सुरभि खारी

खारी


लेखक के बारे में