रांची, चार फरवरी (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में जादू टोने के संदेह में एक दंपति और उनके बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हत्याकांड पिछले सप्ताह पांकी थाना क्षेत्र के कुसडी गांव में हुआ था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘हमने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रमोद भुइयां (26) और रवींद्र भुइयां (30) के रूप में हुई है।’
उन्होंने कहा, ‘हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।’
अधिकारी ने बताया कि मामले की पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कहा कि उन्होंने अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए इस परिवार की हत्या की। उन्हें संदेह था कि दंपति और उनके बेटे ने जादू-टोने कर उनके पिता की जान ली थी।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना