भुवनेश्वर, 19 जून (भाषा) ओडिशा के रायगड़ा जिले में एक भीड़ ने एक महिला समेत दो एनजीओ कर्मचारियों पर हमला किया। भीड़ को शक था कि वे बच्चों को अगवा करने वाले गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ओडिशा के बाहर के रहने वाले हैं और वे कालाहांडी जिले के थुआमूल रामपुर प्रखंड जा रहे थे। कालाहांडी, रायगड़ा का पड़ोसी जिला है।
पुलिस ने बताया कि 16 जून की रात को कल्याणसिंहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत धामुनिपांगा पंचायत के कंडुलगुडा गांव से गुजरते समय वे कथित तौर पर ग्रामीणों से रास्ता पूछने के लिए रुके थे।
दोनों पीड़ितों ने गांव के बच्चों से बातचीत की और कथित तौर पर उन्हें बिस्कुट बांटे। उनकी हरकतों से कुछ ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने अफवाह फैला दी कि वे बच्चों को अगवा करने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि जल्द ही वहां भीड़ इकट्ठी हो गई और उन दोनों के साथ मारपीट की।
रायगढा के पुलिस अधीक्षक राज प्रसाद ने फोन पर ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, ‘सूचना मिलने के बाद हमारे अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे, दोनों पीड़ितों को बचाया और तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उन्हें रायगड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में ले जाया गया और फिर छुट्टी दे दी गई।’
उन्होंने कहा कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल 21 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने कहा, ‘जांच जारी है और अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।’
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश