अभिनेत्री रुक्मिणी वसंत का एआई जनित आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने पर तीन लोग गिरफ्तार

Ads

अभिनेत्री रुक्मिणी वसंत का एआई जनित आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने पर तीन लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 11:14 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 11:14 PM IST

बेंगलुरु, 19 जून (भाषा) कृत्रिम मेधा (एआई) के जरिए कन्नड़ अभिनेत्री रुक्मिणी वसंत का आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें तैयार कर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अभिनेत्री को बदनाम करने या उनकी छवि खराब करने के इरादे से ऐसा किया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान बागलकोट जिले के चिलकामुखी गांव के रविकुमार (24), शिवमोग्गा जिले के निवासी और फिलहाल बेंगलुरु में रहने वाले चंद्रकांत (33) और बेंगलुरु के रंजीत (25) के तौर पर हुई है।

पुलिस के अनुसार, पिछले महीने अभिनेत्री की शिकायत पर जांच शुरू की गई थी, जिसके बाद साइबर अपराध पुलिस थाने में आईटी कानून और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता को अपमानजनक तरीके से पेश करने के इरादे से एआई तकनीक का इस्तेमाल कर बनाई गई आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए थे।

अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतों से उनकी प्रतिष्ठा और निजता को नुकसान पहुंचा, उन्हें मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा और जनता के सामने उनकी गलत छवि पेश की गई।

पुलिस महानिदेशक पी. मोहंती ने एक बयान में कहा, ‘‘आरोपियों का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई और जांच की गई। एकत्र किए गए सबूतों के आधार पर तीनों आरोपियों को पकड़ा गया।’’

पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन उनके पास से जब्त किए गए और आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। मामले की जांच जारी है।

भाषा संतोष अविनाश

अविनाश