गुवाहाटी, 23 मई (भाषा) असम के कछार जिले में एक नाव से 21 ग्राम हेरोइन एवं 10,000 याबा गोलियां बरामद की गई हैं और इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को बराक नदी में एक नाव से यह बरामदगी की गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कछार पुलिस ने कल लखीपुर में बराक नदी पर एक मोटर चालित नाव को रोका और 10,000 याबा गोलियां तथा 21 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।’’
सीएमओ ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने अभियान दल की सतर्कता की सराहना की।’’
याबा गोलियां भारत में अवैध हैं, क्योंकि इनमें मादक पदार्थ मेथामफेटामीन होता है जो नियंत्रित पदार्थ अधिनियम के तहत अनुसूची-2 का पदार्थ है।
भाषा
सिम्मी सुरेश
सुरेश