वजीराबाद में पुलिस भर्ती दौड़ के दौरान 23 वर्षीय युवक की मौत

Ads

वजीराबाद में पुलिस भर्ती दौड़ के दौरान 23 वर्षीय युवक की मौत

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 02:44 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 02:44 PM IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) दिल्ली के वजीराबाद में पुलिस भर्ती के लिए आयोजित दौड़ के दौरान सोमवार को 23 वर्षीय एक युवक अचानक गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना सुबह करीब 11:11 बजे सोनिया विहार थाने को जग प्रवेश चंद (जेपीसी) अस्पताल से मिली। युवक को वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी (डीपीए) से पीसीआर वैन के जरिए अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि युवक की पहचान सौरभ कुमार (23) के रूप में हुई है। वह अनूपशहर के सलामतपुर गांव स्थित नेता नगर का रहने वाला था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सौरभ वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी में आयोजित पुलिस प्रवेश एवं भर्ती परीक्षा (पीईएमटी)में शामिल हुआ था।

उनके अनुसार, दौड़ के दौरान सौरभ अचानक मैदान/ट्रैक पर गिर पड़ा और उसे तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया और पीसीआर कर्मियों के जरिए जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है। सोनिया विहार थाने में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।

भाषा नोमान प्रशांत

प्रशांत