कोल्लम, 21 सितंबर (भाषा) केरलम के खेल मंत्री ओ. जे. जनीश ने सोमवार को आरोप लगाया कि लियोनेल मेस्सी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना टीम को केरलम लाकर फुटबॉल मैच कराने की नाकाम कोशिश के लिए पूर्ववर्ती वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार और तत्कालीन खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान जिम्मेदार हैं।
जनीश ने यह भी कहा कि विशेष जांच दल (एसआईटी) इस मामले में उनकी भूमिका की भी जांच करेगा।
जनीश ने इस आयोजन से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच कर रहे पुलिस के विशेष जांच दल के बारे में संवाददाताओं से बात करते हुए दावा किया कि अब्दुरहीमान ने अनधिकृत ई-मेल के आधार पर बातचीत शुरू की थी और इसके बाद सरकार के निर्देश पर खेल विभाग के अधिकारी भी इसमें शामिल हुए।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या तत्कालीन खेल मंत्री ने ही अनधिकृत ई-मेल आदि के आधार पर यह सारी बातचीत शुरू नहीं की थी? इसके बाद सरकार के निर्देश पर अधिकारियों ने भी हस्तक्षेप किया। यही वजह है कि एक समय इस प्रस्तावित आयोजन के लिए सभी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।’’
जनीश ने कहा कि मुद्दा केवल यह नहीं है कि सरकार को सीधे तौर पर कोई वित्तीय नुकसान हुआ या नहीं, बल्कि यह भी है कि क्या प्रस्तावित मैच की प्रायोजक कंपनी ‘रिपोर्टर ब्रॉडकास्टिंग कंपनी’ (आरबीसी) पर भरोसा जताने के लिए सरकारी तंत्र का इस्तेमाल किया गया। कंपनी अब एसआईटी की जांच के दायरे में है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब यह कहा जाता है कि सरकार को कोई वित्तीय नुकसान नहीं हुआ तो भ्रष्टाचार आखिर कहां हुआ? भ्रष्टाचार इस बात में है कि एक निजी प्रायोजक को पूरे सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करने का मौका दिया गया।’’
उन्होंने कहा कि मेस्सी के केरलम आने के दावे, मुख्य सचिव स्तर पर हुई बैठकों तथा जिलाधिकारियों और पुलिस तंत्र की भागीदारी से लोगों में प्रस्तावित आयोजन के प्रति भरोसा पैदा हुआ और उन्हें इसमें पैसा लगाने का आधार मिला।
जनीश ने कहा, ‘‘जब इस तरह के निर्देश दिए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों की भी जिम्मेदारी बनती है।’’
उन्होंने कहा कि खेल विभाग ने मामले की जांच की और संबंधित फाइलों की पड़ताल करने के बाद एसआईटी जांच का अनुरोध करते हुए उन्हें मुख्यमंत्री को सौंप दिया।
जनीश ने कहा कि इसके बाद मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने गृह विभाग को एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार और वाम मोर्चे ने मेस्सी और अर्जेंटीना टीम के प्रस्तावित दौरे तथा मैच का सार्वजनिक रूप से प्रचार किया था।
जनीश ने यह भी कहा कि कोच्चि स्थित ‘ग्रेटर कोचीन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीसीडीए) स्टेडियम’ में रोशनी की व्यवस्था का काम संभालने वाली एक एजेंसी ने शिकायत की है कि उसे बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। इसी स्टेडियम में प्रस्तावित मैच होना था।
प्रस्तावित आयोजन की तैयारियों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के दावों के बारे में पूछे जाने पर जनीश ने कहा, ‘‘करोड़ों रुपये केवल जुटाए गए, खर्च नहीं किए गए।’’
जनीश ने कहा कि मेस्सी और अर्जेंटीना टीम को केरलम लाने की इस योजना तथा उससे जुड़ी परिस्थितियों को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने की जिम्मेदारी वाम मोर्चे की है।
भाषा सिम्मी सुभाष
सुभाष